Pages

Thursday, November 9, 2017

आग लगे पर कुंआ खोदना

अजबपुर एक खुशहाल राज्य है, जहाँ चारों ओर खुशहाली है। लोग बाग सारी खुशहाली का श्रेय अजबपुर के महान राजा सूरजचंद्र को देते हैं। लोगों के पास और कोई उपाय भी नहीं है। यदि किसी ने गलती से अजबपुर की खुशहाली का श्रेय किसी अन्य को दिया तो फिर उसकी खैर नहीं। राजा के गुप्तचर तुरंत ऐसे व्यक्ति का पता लगा लेते हैं और फिर उस व्यक्ति को कम से कम सौ कोड़े लगाये जाते हैं। अजबपुर खूबसूरत पहाड़ी की तलहटी में बसा हुआ है और इसके चारों ओर घना जंगल है। पिछले दो तीन वर्षों से अजबपुर एक अजीब समस्या से जूझ रहा है। हर साल जब खरीफ के फसल की कटनी होती है तो खेतों में ठूंठ बच जाते हैं। उनसे छुटकारा पाने के लिये अजबपुर के किसान उन ठूंठों में आग लगा देते हैं। दो साल पहले वह आग जंगल तक फैल गई थी जिससे जंगल के पेड़ों को काफी नुकसान हुआ था। आग कोई एक सप्ताह तक जलती रही जिससे जंगली जानवरों को भी क्षति पहुँची थी। उस आग से जो धुँआ निकला था उसने पूरे अजबपुर पर घने कोहरे की चादर लाद दी थी। कोहरा घना तो था ही उससे सांस लेना भी मुश्किल हो रहा था। काफी शोध करने के बाद राजगुरु ने बताया था कि पेड़ पौधों के जलने से वातावरण में जहरीली गैसें फैल गईं थीं इसलिये सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। जब जनता में त्राहिमाम मचा हुआ था तो राजा के आला मंत्रियों ने उस समस्या से निपटने के लिये बैठक शुरू की। जब तक बैठक समाप्त हुई तब तक कोहरा भी गायब हो चुका था। कुछ ही दिनों में लोग उस बात को किसी बुरे सपने की तरह भूल गये थे। कुछ दिनों के बाद राजा सूरजचंद्र ने मुनादी करवाई थी कि भविष्य में ऐसी आपदा की रोकथाम के लिये कठोर कदम उठाये जाएंगे। लेकिन धरातल पर कुछ होता दिखाई नहीं दिया।

पिछले दो वर्षों की तरह इस वर्ष भी खरीफ की कटाई हुई। किसानों ने बचे हुए ठूंठों में इस वर्ष भी आग लगा दी। इस वर्ष भी वह आग जंगल तक फैल गई। आग से जो धुँआ निकला तो फिर से अजबपुर के ऊपर कोहरा छाने लगा। इस साल जाड़ा जल्दी आ गया था इसलिये कोहरे से समस्या भी ज्यादा होने लगी। दोपहर के वक्त भी साफ साफ देखना मुश्किल हो रहा था। सुबह के समय तो बहुत ही बुरा हाल रहता था। प्रजा फिर से त्राहि त्राहि करने लगी।

राजगुरु ने फिर से शोध किया और जनता को जागरूक करने के लिये महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं। राजगुरु ने बताया कि इस साल तापमान कुछ ज्यादा ही गिर गया था इसलिए चारों ओर धुंध छाया हुआ था। जब किसी मंत्री ने यह बयान दे दिया कि वह कोहरा नहीं बल्कि स्मॉग था तो राजगुरु ने उसके खिलाफ तर्क देना शुरु किया। राजगुरु का कहना था कि स्मॉग बनने के लिये जिन जहरीली गैसों की जरूरत होती है वे गैसें केवल पादपों को जलाने से पैदा नहीं होती हैं। इसलिये स्मॉग का सवाल ही नहीं था। राजगुरु ने बताया कि अजबपुर में कृषि और व्यवसाय में अच्छी वृद्धि होने के कारण लोगबाग धनी हो गये थे। इसलिये अब अधिकांश लोगों के पास तेज चलने वाले रथ आ गये थे। जब लोगों के रथ राजधानी की सड़कों पर फर्राटे से दौड़ते थे तो उससे ढ़ेर सारी धूल उड़ती थी। उसी धूल के कारण कोहरा अधिक भयानक हो चुका था।

राजगुरु की सलाह पर राजा के मंत्रियों की बैठक शुरु हुई ताकि इस समस्या का हल ढ़ूँढ़ा जाये। इस बार कुछ चारणों ने राजा का गुणगान करने की बजाय राजकाज के तरीकों की आलोचना शुरु कर दी थी। उन चारणों को भी सांस लेने में तकलीफ होने लगी थी। इसलिये राजा सूरजचंद्र पर दबाव बढ़ गया था। इस बार मंत्रियों की बैठक जल्दी ही समाप्त हो गई। राजा सूरजचंद्र ने मंत्रियों की मंत्रणा के आधार पर कुछ कठोर फैसले लेने का ऐलान कर दिया।

राजा ने अपने निर्णय के बारे में यह जरूरी समझा की जन जन तक उसका संदेश पहुँचाया जाये। इसलिये राज्य के हर शहर और गाँव में मुनादी करवाई गई। राजधानी और बड़े शहरों में शिलालेख लगवाये गये जिनपर राजा का संदेश उकेरा गया। अब हर संदेश को लिखना यहाँ संभव नहीं है। इसलिये कुछ मुख्य बातें दी जाती हैं।

धूल की समस्या से निजात पाने के लिये दो कदम उठाये जायेंगे। राजपरिवार, मंत्रियों और अधिकारियों को छोड़कर किसी को भी रथ से घूमने की अनुमति नहीं होगी। राजधानी की सड़कों पर सुबह शाम मशक द्वारा पानी का छिड़काव किया जायेगा।

स्मॉग से बूढ़ों और बच्चों की सेहत को अधिक खतरा रहता है। इसलिये सारे विद्यालय अनिश्चित काल के लिये बंद किये जाते हैं। बूढ़ों के लिये सुबह और शाम की सैर पर पाबंदी लगाई जाती है। यदि कोई भी बुजुर्ग सुबह या शाम को सैर करते दिख जायेगा तो उसे सौ कोड़े लगाये जायेंगे।

आग बुझाने के लिये पानी की बहुत बड़ी मात्रा में आवश्यकता पड़ेगी। इसलिये हर गली और मुहल्ले में कुएं खुदवाये जाएंगे। इसके लिये सीलबंद टेंडर आमंत्रित किये जाते हैं। जो सबसे सस्ते रेट में कुँआ खोदने का टेंडर देगा उसे ही इसका करार मिलेगा।

इस सूचना के बाद राज्य में यदि सबसे खुश कोई हुआ तो वे थे स्कूल जाने वाले बच्चे। उन्हें बिन मांगे लंबी छुट्टी जो मिल गई थी। हाँ शिक्षकगण खुश नहीं थे क्योंकि उन्हें जनगणना के काम पर लगा दिया गया था।

बूढ़े लोग इसलिये दुखी थे कि अब सारा दिन घर में बैठकर बहु बेटियों के ताने सुनने पड़ते थे।

राज्य के कुछ नामी गिरामी व्यवसायियों को कुएं खोदने का टेंडर मिल गया था। ये वही लोग थे जिन्हें हर काम के लिये टेंडर किसी न किसी तरीके से मिल ही जाता था।

अब पूरे राज्य मे मजदूर काम पर लगे हुए हैं। सारे के सारे एक ही काम कर रहे हैं और वह है कुआँ खोदना। खुदाई की जगह पर बच्चों की भीड़ है। वे तो बस अपना कौतूहल मिटाने को वहाँ खड़े हैं।

एक बार फिर से अजबपुर में जिंदगी अपनी पटरी पर आ चुकी है। जंगल की आग अपने आप बुझ चुकी है क्योंकि अधिकतर पे‌ड़ झुलस चुके हैं। कुआँ खोदने का काम अभी भी जारी है। हो सकता है अगले वर्ष की आग में ये काम आयेंगे। 

Monday, November 6, 2017

राजा की खिचड़ी

मंगरू नाली के किनारे बैठकर दातुन कर रहा था। दातुन को बीच से चीड़ कर जीभ साफ की और फिर पूरी ताकत से गरारा करने लगा। उसके बाद अपने फटे पुराने गमछे से मुँह पोछने के बाद उसने पूरी ताकत से दातून को हवा में उछाला तो दातून सीधा नाली के उस पार लगभग बीसेक गज जाकर गिरा। तभी मंगरू की धर्मपत्नी रतिया की आवाज आई, “नाश्ते में खिचड़ी बना दूँ?”

मंगरू खाने के मामले में नखरे नहीं करता था। वैसे भी उस जैसे गरीब के पास खाने के लिये नखरे करने का कोई विकल्प ही नहीं था। फिर भी उसे खिचड़ी का नाम सुनकर ही उबकाई आती थी। जब वह छोटा बच्चा था तो उसकी माँ अक्सर सुबह दोपहर और रात को खिचड़ी ही परोसा करती थी। शायद बचपन में खिचड़ी के ओवरडोज के कारण उसकी यह हालत हुई थी। मंगरू ने लगभग गुर्राती हुई आवाज में कहा, “तेरी जो मर्जी आये बना दे, लेकिन खिचड़ी न बना। बाजरे की रोटी और मिर्च की चटनी से भी काम चल जायेगा।“

मंगरू को कभी कभी लगता था कि उसकी पत्नी की जन्मकुंडली मंगरू की माँ से मिलवाई गई थी। रतिया को भी पता नहीं क्यों खिचड़ी बनाने में बड़ा मजा आता था। उनके आधा दर्जन बच्चे भी अपनी माँ के हाथ की बनी खिचड़ी को बड़े चाव के साथ सुपड़-सुपड़ कर चट कर जाते थे। मंगरू अपनी सोच में डूबा हुआ था कि उसकी पत्नी की तीखी आवाज गूँजी, “अब तो राजा ने भी मुनादी करवा दी है। अब खिचड़ी को राष्ट्रीय भोजन की उपाधि मिलेगी। उसके बाद हर व्यक्ति के लिये खिचड़ी खाना जरूरी हो जायेगा।“

मंगरू ने बुझी आवाज में जवाब दिया, “हाँ, लगता है राजा भी तुमसे और तुम्हारे बच्चों से प्रभावित हैं। ये भी सुना है कि आज विजय पथ के पास एक बड़े से कड़ाह में राजा का खास रसोइया प्रजा के लिये खिचड़ी पकायेगा। महाराज स्वयं आकर खिचड़ी में नमक डालेंगे। राजवैद्य ने उस खिचड़ी में डालने के लिये खास मसालों और जड़ी बूटियों की लम्बी फेहरिस्त भी बनाई है।“

रतिया ने खुश होते हुए कहा, “और हाँ, खिचड़ी पक जाने के बाद उसमें राजपुरोहित अपने कर कमलों से तड़का लगायेंगे। इस राज्य के हर नागरिक के लिये आदेश है कि वह खिचड़ी ग्रहण करने के लिये विजय पथ पर उपस्थित हो जाये। अब जल्दी से नहाधोकर तैयार हो जाओ। हमें भी तो वहाँ जाना होगा।“

मंगरू ने धीमे से कहा, “हाँ, जाना तो पड़ेगा ही। नहीं तो क्या पता राजा के सिपाही काल कोठरी में न डाल दें।“

आधे घंटे के बाद मंगरू, उसकी पत्नी रतिया और उनके आधा दर्जन बच्चे सज धजकर तैयार हो गये। मंगरू ने मलमल का कुर्ता पहना था जो बहुत दिनों तक टोकरी में रखे होने के कारण बहुत ही बेढ़ंगे तौर पर मुड़ा तुड़ा था। रतिया ने वो साड़ी पहनी थी जिसमें वह अपनी शादी के बाद विदा होकर आई थी। रतिया के तीन बेटों ने केवल हाफ पैंट पहनी थी, शर्ट उनके पास थी नहीं। उसकी तीन बेटियों ने वो फ्राक पहनी थी जो उन्हें तब मिली थीं जब गाँव का जमींदार पुराने कपड़े बाँट रहा था।

मंगरू और उसका परिवार दस बजते बजते विजय पथ पर पहुँच चुके थे। वहाँ का दृश्य अद्भुत था। लाखों की संख्या में लोग उपस्थित थे। जिधर निगाह डालो उधर आदमी ही आदमी। आज खेत खलिहानों में सूनापन पसरा हुआ था। विजयपथ पर हर तरफ रंग बिरंगी तिलिंगियाँ फड़फड़ा रही थीं। ऊँचे ऊँचे डंडों पर राजध्वज लहरा रहे थे। राजभवन के गीतकार और संगीतकार मोहक धुन और तान छेड़ रहे थे। पंडितों की टोली एक तरफ मंत्रोच्चारण कर रही थी। किशोरवय पंडित शंखनाद कर रहे थे। राजा का रथ किसी दुल्हन की भाँति सजा हुआ था। रथ में जो घोड़े जुते थे उन्हें भी गेंदे के फूलों से सजाया गया था। ढ़ोल नगाड़े भी बज रहे थे।

महाराज, महारानी अपने परिवार के सदस्यों के साथ अपने अपने आसनों पर विराजमान थे। फिर महाराज ने एक खास अंदाज में अपना हाथ हवा में लहराया। उनके ऐसा करते ही खास तौर पर प्रशिक्षित हाथियों के एक दल ने एक बड़े से कड़ाह को एक बड़े से चूल्हे के ऊपर रखा। उसे देखकर मंगरू ने कहा, “इस चूल्हे की सारी लकड़ियाँ अगर मिल जाएँ तो तुम्हें एक साल तक जंगल जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।“

यह सुनकर रतिया ने कहा, “बड़े आये। शादी से पहले तो कहते थे कि जंगल से लकड़ियाँ तुम ही लाओगे। लकड़ियाँ लाने के चक्कर में मेरे पैरों में ऐसी बिवाई फटी है जो अब मेरे मरने के साथ ही जाएगी।“

फिर कड़ाही में हाथियों ने अपनी सूँड़ों से पानी भरा। पानी में उबाल आने के बाद राजा के सिपाहियों ने उसमें ढ़ेर सारा चावल और दाल डाल दिया। उसके बाद महाराज स्वयं आये और अपने कर कमलों से एक बड़ी सी कलछुल से चावल और दाल को हिला दिया। वह कलछुल इतनी बड़ी लग रही थी जैसे कि उसे कभी कुंभकर्ण को खाना परोसा जाता रहा होगा। महाराज के जाने के बाद राजमहल के खानसामे खिचड़ी को चलाने लगे। बीच बीच में राजवैद्य सोने की तराजू से तौलकर जड़ी बूटियाँ मिला रहे थे। जब खिचड़ी पक गई तो राजगुरु आये और एक बड़ी सी देग में तड़का बनाकर खिचड़ी में डाल दिया।

उसके बाद राष्ट्रीय हरकारे ने ढ़ोल पीटना शुरु किया। वहाँ उपस्थित प्रजा को समझ में आ गया कि फिर से कोई मुनादी होने वाली है। उस मुनादी को ठीक से सुनने के लिये लोगों में खामोशी छा गई। ढ़ोल पीटना समाप्त करने के बाद हरकारे ने बोलना शुरु किया, “सुनो, सुनो, आज के शुभ दिन में शुभ मुहूर्त में समस्त प्रजागण के लिये विशेष रूप से खिचड़ी पकाई गई है। महाराज ने अपने विशाल हृदय का परिचय देते हुए एक हजार किलो खिचड़ी बनवाने का आदेश दिया था। अब इस खिचड़ी को यहाँ उपस्थित प्रजा में वितरित किया जायेगा।“


यह सुनकर मंगरू हिसाब लगाने लगा, “यहाँ लगभग एक लाख लोग उपस्थित हैं। एक हजार किलो खिचड़ी के हिसाब से एक लाख ग्राम खिचड़ी हुई। इस हिसाब से तो हर व्यक्ति को एक ग्राम से अधिक खिचड़ी नहीं मिलेगी। उतनी खिचड़ी तो बस दाँतों के बीच कहीं फँसकर रह जायेगी। चलो अच्छा हुआ। कम से कम यहाँ तो खिचड़ी खाने से बच गये।“